छठवें शांति-गया साहित्य, कला एवं खेल संवर्द्धन समिति के वार्षिक सम्मानों की घोषणा
भोपाल: आज दिनांक 2 सितंबर 2026 को शहर की प्रतिष्ठित संस्था “शांति-गया साहित्य, कला एवं खेल संवर्द्धन समिति” के छठवें वार्षिक सम्मानों की घोषणा कर दी गई। समिति की अध्यक्ष कांति शुक्ला ‘उर्मि’ ने परिणामों की घोषणा करते हुए सूचित किया कि इस वर्ष 200 से भी अधिक पुस्तकें प्राप्त हुईं थी जिनके मूल्यांकन की प्रक्रिया तीन चरणों में पूर्ण की गई। प्रथम चरण में समिति की आंतरिक मूल्यांकन समिति के सदस्यों एवं भोपाल के विशेष आमंत्रित मूर्धन्य साहित्यकारों द्वारा पुस्तकों का मूल्यांकन किया गया। तत्पश्चात प्रत्येक विधा के दो-दो विशेषज्ञों द्वारा प्रथम चरण उपरांत चयनित पुस्तकों का विशद मूल्यांकन किया गया। समिति की तरफ से मैं सभी मूल्यांकनकर्ताओं का आभार व्यक्त करती हूँ तथा विभिन्न सम्मानों हेतु अपनी प्रविष्टियाँ प्रेषित करने वाले सभी रचनाकारों का हृदय से शुक्रिया अदा करती हूँ।
सम्मान हेतु चयनित रचनाकार इस प्रकार हैं –
उपन्यास: आचार्य राजेश कुमार एवं आशा पांडेय (संयुक्त रूप से)
(समिति की विशेष अनुशंसा पर दीपक गिरकर एवं सुदर्शन सोनी को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है।)
लघुकथा: शर्मीला चौहान एवं मनोरमा पंत (संयुक्त रूप से)
(समिति की विशेष अनुशंसा पर कर्नल डॉ गिरिजेश सक्सेना एवं डॉ वर्षा ढोबले को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है।)
बाल साहित्य: डॉ मालती बसंत एवं पद्मा चौगांवकर (संयुक्त रूप से)
(समिति की विशेष अनुशंसा पर लाल देवेंद्र श्रीवास्तव एवं जीनत एहसान कुरैशी को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है।)
शिखर सम्मान: शिखर सम्मान हेतु इस बार कुल 29 साहित्यकारों की प्रविष्टयाँ प्राप्त हुईं थी। सभी वरिष्ठ रचनाकार हैं। उनमें से किसी एक का चुनाव करना बड़ा ही चुनौतीपूर्ण कार्य था। इसके लिए श्री अनिल वर्मा (भूतपूर्व न्यायाधीश, मप्र उच्च न्यायालय) की अध्यक्षता में पृथक से विशेष समिति गठित की गई। समिति के अन्य सदस्य थे सर्व श्री रमेश सैनी, अश्विनी कुमार दुबे, श्रवण कुमार उर्मलिया एवं मैं कांति शुक्ला। समिति द्वारा गहन विचार विमर्श के उपरांत श्री प्रबोध गोविल, जयपुर को शिखर सम्मान से सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। उनके अतिरिक्त समिति ने दिनेश कुमार माली, उड़ीसा को भी विशेष सम्मान दिए जाने की अनुशंसा की।
समिति की आंतरिक कला एवं खेल समितियों ने इन क्षेत्रों के निम्न नामों की अनुशंसा की है, जिन्हें समिति के वार्षिक कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा –
कला: हिदायत खान (लोक कलाकार, जोधपुर) एवं सुधीर पंडया (हॉबी, भोपाल)
खेल: अशोक कुमार (हॉकी ओलिंपियन), लाइफ टाइम अचीवमेंट एवं जी एल यादव (सेलिंग, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी)
खेल लेखक: हरीश हर्ष (भिलाई)
समिति सभी सम्मानित साहित्यकारों, कलाकारों , खिलाडियों एवं खेल लेखकों को हार्दिक बधाई देती है। समिति एक बार पुन: सभी साहित्यकारों का आभार प्रकट करती है, जिन्होंने अपनी प्रविष्टियां प्रेषित कर समिति के सम्मानों में अपनी आस्था प्रकट की। समिति की आर्थिक सीमाएं हैं अतएव समिति चाहकर भी सम्मानों की संख्या में वृद्धि नहीं कर सकती है। अगले संस्करण हेतु कोशिश रहेगी कि कुछ प्रायोजक भी संस्था से जुड़ें। सभी साथियों से निवेदन है कि अपना स्नेह एवं सहयोग बनाए रखें।


