खेल

जोंटी रोड्स की भारतीय कप्तान शुभमन गिल को सलाह: सीनियर खिलाड़ियों के अनुभव का फायदा उठाने कहा, दिए ये सुझाव

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जोंटी रोड्स का मानना है कि भारत के वनडे कप्तान शुभमन गिल को रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के अनुभव का फायदा उठाना चाहिए। इसके साथ ही उन्हें अपनी कप्तानी की शैली और सोच को भी बनाए रखना चाहिए।  रोड्स ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कप्तानी करना आसान नहीं होता और इसका काफी दबाव होता है। हालांकि, उन्हें भरोसा है कि शुभमन गिल इस चुनौती को अच्छी तरह संभाल सकते हैं और एक सफल कप्तान साबित होंगे।

कप्तान के तौर पर कैसा है गिल का रिकॉर्ड
पिछले साल अक्तूबर में रोहित की जगह भारत का वनडे कप्तान बनने के बाद से गिल ने छह मैच जीते हैं और इतने ही मैच हारे हैं, यानी उनका जीत प्रतिशत 50 रहा है। रोड्स ने कहा, एक लीडर के तौर पर सबसे जरूरी बात यह समझना है कि आपके आस-पास सीनियर खिलाड़ी हैं। अगर आप मदद, राय या आइडिया मांगते हैं, तो यह आपकी कप्तानी के लिए कोई बुरी बात नहीं है।

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी ने आगे कहा, जाहिर है कि लीडर और कप्तान के तौर पर आखिरी फैसला आपको ही लेना होता है। इतने अनुभवी खिलाड़ियों की कप्तानी करने में अक्सर यही सबसे मुश्किल काम होता है। वे सभी आपको बेहतरीन विकल्प देते हैं, लेकिन फैसला आपको ही करना होता है। इसी कारण रोहित और विराट जैसे खिलाड़ियों का साथ होना और शुभमन का एनर्जी लेवल हमेशा एक जैसा रहा है। कप्तान के तौर पर और उससे पहले एक खिलाड़ी के तौर पर उनका व्यवहार हमेशा एक जैसा रहा है। जब तक वह किसी और जैसा बनने की कोशिश नहीं करते जो कि नामुमकिन है, क्योंकि दबाव में आप हमेशा वही बन जाते हैं जो आप असल में हैं तब तक सब ठीक रहेगा। वह बहुत तेजी से इस लय में आ गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button