अखिलेश यादव को भेज देना’: मैनपुरी में मूंछों पर ताव देते हुए बोले पुलिस अफसर, जानें पूरा मामला
सोशल मीडिया पर बुधवार को एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें थाना एलाऊ क्षेत्र में ट्रक परिचालक की गोली मारकर हत्या के बाद पुलिस पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद थी। हंगामे के बीच सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह की कुछ लोगों से बहस हो रही थी, तब सीओ ने वीडियो बना रहे कुछ लोगों से वीडियो को पूर्व मुख्यमंत्री को भेजने की बात कही। वीडियो में सीओ मूंछों पर ताव देखते हुए भी दिख रहे हैं। हंगामे में मौजूद एक युवक लगातार बोल रहा था कि अखिलेश भैया से शिकायत करेंगे, तो सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने कह दिया की बनाओ वीडियो, वायरल कर देना और अखिलेश यादव को भेज देना। यह वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी तमाम तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। इसके बाद सीओ सिटी ने बताया कि एलाऊ क्षेत्र में ट्रक परिचालक की हत्या की गई थी। इस घटना में शामिल मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया था। जिसके बाद एक प्रधान लगातार कुछ अन्य लोगों को फंसाने के लिए हंगामा कर रहा था। जो भी नाम बताए गए उनके बारे में जानकारी की गई तो वह लोग घटना में शामिल नहीं पाए गए।
सीओ ने बताया कि मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को हत्या के मामले में जेल भेजा गया। प्रधान ने पोस्टमार्टम हाउस पर भी हंगामा किया और उन्हें जाति विशेष का अधिकारी बताते हुए बहुत कुछ कहा गया। वीडियो बना रहे एक व्यक्ति ने स्वयं कहा था कि यह वीडियो पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को भेज दो, जिस पर उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए वीडियो भेजने की बात कही थी। वीडियो को तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया है।


