बिज़नेसमनोरंजन

जीवन से भिड़ेगा भीमा: ‘जीवन या भीमा कौन?’ में अरशद वारसी का पहला डबल रोल बढ़ाएगा कन्फ्यूजन और अराजकता का डोज़!

* मज़ा उन छोटी-छोटी बारीकियों को तलाशने में था, जो जीवन और भीमा को एक-दूसरे से अलग बनाती हैं”: अपने पहले डबल रोल पर अरशद वारसीअरशद वारसी, संजीदा शेख, विजय राज और पूजा चोपड़ा स्टारर ‘जीवन या भीमा कौन?’ का ट्रेलर डार्क ह्यूमर, क्राइम और अप्रत्याशित घटनाओं से भरी एक दिलचस्प कहानी का वादा करता है

मुंबई, 1 सितंबर 2026: ‘जीवन या भीमा कौन?’ के मेकर्स ने बहुप्रतीक्षित ट्रेलर जारी कर दिया है। अरशद वारसी और संजीदा शेख स्टारर यह फिल्म अभिषेक डोगरा के निर्देशन में बनी है और 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के लिए तैयार है। ट्रेलर फिल्म की अनोखी और अप्रत्याशित दुनिया की झलक पेश करता है, जिसमें डार्क ह्यूमर, क्राइम, सस्पेंस और गलत पहचान से पैदा होने वाला जबरदस्त कन्फ्यूजन देखने को मिलता है। खास बात यह है कि फिल्म में अरशद वारसी पहली बार डबल रोल में नजर आएंगे।

ट्रेलर में अरशद वारसी दो बिल्कुल अलग अंदाज़ में नजर आते हैं—जीवन और भीमा। दो अलग-अलग जिंदगियों का यह अजीबोगरीब टकराव घटनाओं की ऐसी कड़ी को जन्म देता है, जो कहानी को लगातार नए मोड़ देती है। जहां जीवन एक आम, कर्ज़ में डूबा हुआ आदमी है, जो अपनी परेशानियों से निकलने का रास्ता तलाश रहा है, वहीं भीमा उसका खतरनाक हमशक्ल है, जिसकी जिंदगी में एंट्री होते ही सब कुछ बदल जाता है।

संजीदा शेख, जीवन की तेज-तर्रार और समझदार पत्नी योजना के किरदार में नजर आएंगी। वहीं विजय राज रहस्यमयी विनायक की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की स्टारकास्ट में पूजा चोपड़ा, बिजेंद्र काला और दिवंगत अतुल परचुरे भी शामिल हैं।

अपने पहले डबल रोल के अनुभव के बारे में बात करते हुए अरशद वारसी ने कहा, “एक फिल्म में दो किरदार निभाना मेरे लिए बिल्कुल अलग अनुभव था। जीवन और भीमा दो बहुत अलग तरह के इंसान हैं और मज़ा उन छोटी-छोटी बारीकियों को तलाशने में था, जो दोनों को एक-दूसरे से अलग बनाती हैं। फिल्म का कॉन्सेप्ट काफी दिलचस्प है और इसमें बहुत सारा ह्यूमर है, लेकिन यह ह्यूमर जबरदस्ती पैदा नहीं किया गया है, बल्कि परिस्थितियों और किरदारों से निकलकर आता है। मुझे लगता है कि जब जीवन और भीमा की दुनिया आपस में टकराएगी, तो दर्शकों को इसे देखने में खूब मज़ा आएगा।”

फिल्म की कहानी एक ऐसे आम आदमी की जिंदगी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके सामने अचानक एक ऐसा असाधारण मौका आ जाता है, जो उसकी पूरी जिंदगी बदल सकता है। लेकिन इस मौके को हासिल करने के लिए लिया गया एक फैसला उसे सब कुछ गंवाने की कगार पर भी पहुंचा सकता है। जैसे-जैसे पहचान का खेल उलझता जाता है और हालात काबू से बाहर होते जाते हैं, ‘जीवन या भीमा कौन?’ डार्क कॉमेडी, क्राइम, अराजकता और सस्पेंस का एक अनोखा मिश्रण पेश करने का वादा करती है।

स्टारबीम वेंचर्स लिमिटेड (पूर्व में ब्लू गॉड एंटरटेनमेंट लिमिटेड) द्वारा प्रस्तुत और निर्मित ‘जीवन या भीमा कौन?’ अब अपने प्रमोशनल कैंपेन के अंतिम चरण में प्रवेश कर चुकी है। ट्रेलर लॉन्च के साथ फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है।

‘जीवन या भीमा कौन?’ 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button