खबरमध्य प्रदेश

शिक्षक सम्मान समारोह एवं कवि सम्मेलन

बाबूलाल गौर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भेल, भोपाल में शिक्षक दिवस के अवसर पर दिनांक 05 सितंबर 2026 को शिक्षक सम्मान समारोह एवं कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के प्रायोजक संस्कृति संचालनालय, मध्यप्रदेश तथा सहयोगी संस्था सोसायटी ऑफ एनजीओ अवेयरनेस, अवधपुरी, भेल, भोपाल रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध कवि श्री संजय सिंह रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार जैन ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में सोसायटी ऑफ एनजीओ अवेयरनेस, अवधपुरी, भोपाल के अध्यक्ष श्री महेन्द्र प्रसाद शर्मा, श्रीमती मंजू शर्मा एवं बालिका अंशिका पाण्डेय उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर भी पुष्पांजलि अर्पित की गई। महाविद्यालय की छात्रा शशि वंशकार ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके पश्चात छात्रा मुस्कान ठाकरे ने नृत्य के माध्यम से गुरु वंदना प्रस्तुत की। नन्ही बालिका अंशिका पाण्डेय ने भावपूर्ण भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया।
अतिथि स्वागत की श्रृंखला में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार जैन ने मुख्य अतिथि कवि श्री संजय सिंह का नवपल्लवित पौधा, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। सोसायटी ऑफ एनजीओ अवेयरनेस के अध्यक्ष श्री महेन्द्र प्रसाद शर्मा का स्वागत राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अनुपमा यादव ने किया। शायर श्री नितेश का स्वागत डॉ. सुषमा जादौन तथा श्री शैलेश ओझा का स्वागत डॉ. अंजना अग्रवाल ने किया।

कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण शिक्षक सम्मान समारोह में सोसायटी ऑफ एनजीओ अवेयरनेस के अध्यक्ष श्री महेन्द्र प्रसाद शर्मा ने सर्वप्रथम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार जैन को सम्मानित किया। इसके पश्चात महाविद्यालय के लगभग 50 शिक्षकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

इस सम्मान ने शिक्षक समुदाय के प्रति कृतज्ञता, आदर एवं सम्मान की भावना को अभिव्यक्त किया।

इसके बाद कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के स्वरचित साहित्य मंच के विद्यार्थियों श्रीया विश्वकर्मा, मनन दीक्षित, प्राची विश्वकर्मा एवं तुषार पाण्डेय ने गुरु को केंद्र में रखकर अपनी स्वरचित कविताओं का प्रभावशाली काव्य पाठ किया। भोपाल के शायर श्री नितेश ने अपनी प्रभावपूर्ण शायरी “हे नमन गुरुवर तुम्हें स्वीकार हो” प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब वाहवाही प्राप्त की।
मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध कवि श्री संजय सिंह ने अपने बहुचर्चित गीत से काव्य पाठ का शुभारंभ किया। उनकी मार्मिक प्रस्तुति—

सच बात पूछती हूँ, बताना ना बाबूजी,
छुपाना ना बाबूजी, क्या याद मेरी आती नहीं!

—ने पूरे सभागार को भाव-विभोर कर दिया और अनेक श्रोताओं की आँखें नम हो गईं। इसके पश्चात उन्होंने अपनी दूसरी चर्चित कविता “हाय मेरे लाल, कैसा दिन ये दिखाया” प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित श्रोताओं ने अत्यंत सराहा। उनकी भावपूर्ण एवं संवेदनशील प्रस्तुतियों ने कवि सम्मेलन को विशेष ऊँचाई प्रदान की।
कार्यक्रम में स्वागत उदबोधन संस्था सचिव सतीश पुरोहित ने दिया । संस्था की ओर से विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दस विद्यार्थियों को पारितोषिक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावशाली संचालन हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. कमलेश सिंह नेगी ने किया। कार्यक्रम के अंत में स्वरचित साहित्य मंच की छात्रा श्रीया विश्वकर्मा ने उपस्थित अतिथियों, प्राचार्य, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम शिक्षकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और विद्यार्थियों की साहित्यिक-सांस्कृतिक प्रतिभाओं के प्रदर्शन का प्रभावी मंच सिद्ध हुआ। समारोह ने गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा को रेखांकित करते हुए उपस्थित सभी लोगों के मन में शिक्षा एवं शिक्षक के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button