खबरमध्य प्रदेश

एच. ई. योग मित्र मंडल द्वारा नौ दिवसीय शारदीय नवरात्रि साधना शिविर का शुभारंभ

भोपाल। एच. ई. योग मित्र मंडल, पिपलानी, बीएचईएल, भोपाल द्वारा पावन शारदीय नवरात्रि के शुभ अवसर पर आध्यात्मिक उन्नयन, आत्मिक शांति एवं साधना के उद्देश्य से नौ दिवसीय शारदीय नवरात्रि साधना शिविर का शुभारंभ 11 अक्टूबर 2026 को किया गया। यह शिविर 19 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन सायं 4:30 बजे से 6:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा।

शिविर का संचालन आचार्य चित् सागर जी के सानिध्य में किया जा रहा है। उद्घाटन सत्र में मंडल के महासचिव सतेन्द्र कुमार, आर के आर्य, सचिव जी. एस. चौहान, सुभाष दुबे, डी. पी. साह, आर. डी. साहू, शशिकान्त तारे, अरुणा तारे, रीता देवी एवं साधना सिंह ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर योग परिवार के साधक सपरिवार उपस्थित रहे।

मंडल के महासचिव सतेन्द्र कुमार ने बताया कि शिविर के दौरान प्रतिदिन माँ दुर्गा का पूजन, भोग एवं आरती के साथ गुरु वंदना तथा देवी माँ का ध्यान कराया जाएगा। साधकों को महिषासुरमर्दिनी स्तोत्र एवं सौन्दर्य लहरी का पाठ करने का अवसर मिलेगा। इसके अतिरिक्त क्रिया योग के अंतर्गत अजपा जप, अंतर मौन ध्यान, अश्विनी मुद्रा, बंध अभ्यास एवं उज्जायी जैसी साधनाओं का अभ्यास कराया जाएगा। दुर्गा तन्त्रोक्तम्, देवी सूक्तम् एवं सिद्ध कुञ्जिका स्तोत्रम् का पाठ भी शिविर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगा।

उन्होंने कहा कि नवरात्रि का पावन पर्व आत्मचिंतन, साधना एवं आध्यात्मिक चेतना के जागरण का विशेष अवसर है। नियमित योगाभ्यास, ध्यान एवं मंत्र-साधना के माध्यम से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन प्राप्त कर सकता है। शिविर का उद्देश्य साधकों में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मिक शांति एवं आध्यात्मिक जागरूकता का विकास करना है।

मंडल की ओर से योग परिवार के सभी सम्मानित सदस्यों से सपरिवार शिविर में सहभागी बनने की अपील की गई है, ताकि नवरात्रि के इस पावन अवसर का लाभ उठाकर साधना एवं योग के माध्यम से जीवन को अधिक संतुलित, सकारात्मक एवं ऊर्जावान बनाया जा सके।

शिविर का स्थान:
एच. ई. योग मित्र मंडल, योग केंद्र, 68 सी-2, ए सेक्टर, पिपलानी, बीएचईएल गेट क्रमांक 5 के सामने, भोपाल।

विशेष अनुरोध: सभी प्रतिभागियों से निर्धारित समय से 15 मिनट पूर्व पहुँचने की अपील की गई है।

निवेदक:
सतेन्द्र कुमार
महासचिव, एच. ई. योग मित्र मंडल
(बिहार योग विश्वविद्यालय से सम्बद्ध)
संपर्क: 8103513013

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button