खबरमध्य प्रदेश

शिक्षक प्रशिक्षण, शैक्षिक नवाचार एवं विद्यालयों की अकादमिक गुणवत्ता को बढ़ावा देने पर हुआ मंथन

क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान, भोपाल में दो दिवसीय प्रिंसिपल्स एवं टीचर्स कॉन्फ्रेंस का हुआ सफलतापूर्वक समापन

भोपाल, 11 अक्टूबर 2026। क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान, भोपाल में 10 एवं 11 अक्टूबर को आयोजित दो दिवसीय प्रिंसिपल्स एवं टीचर्स कॉन्फ्रेंस का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। सम्मेलन में पश्चिमी क्षेत्र के 24 विद्यालयों से आए प्राचार्यों एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। सम्मेलन के दौरान शिक्षक प्रशिक्षण, समावेशी शिक्षा, कक्षा शिक्षण में 21वीं सदी के कौशलों तथा विद्यालयों में शैक्षिक नवाचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

सम्मेलन के अंतिम दिन प्रथम सत्र में डॉ. सौरभ कुमार ने ‘Equipping Teachers as a Counsellor’ विषय पर शिक्षकों की परामर्शदाता के रूप में भूमिका और विद्यार्थियों की भावनात्मक एवं शैक्षिक आवश्यकताओं को समझने के महत्व पर संवाद किया। वहीं, डॉ. राजेश कुमार ने ‘Inclusive Setup in School’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए विद्यालयों में समावेशी वातावरण विकसित करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

द्वितीय सत्र में डॉ. कल्पना मस्की ने कक्षा शिक्षण में 21वीं सदी के कौशलों एवं प्रमुख दक्षताओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने आधुनिक शिक्षा व्यवस्था में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक कौशलों के महत्व को रेखांकित किया।

समापन सत्र में विभिन्न विद्यालयों से आए प्राचार्यों एवं शिक्षकों ने सम्मेलन के दौरान प्राप्त अनुभवों को साझा किया। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने अपने-अपने विद्यालयों की संरचनात्मक एवं अकादमिक उपलब्धियों का संक्षिप्त प्रस्तुतीकरण भी दिया। इस संवाद के माध्यम से विद्यालयों में अपनाई जा रही शैक्षिक गतिविधियों, नवाचारों एवं बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करने का अवसर मिला।

समापन उद्बोधन में संस्थान के प्राचार्य प्रोफेसर शिव कुमार गुप्ता ने कहा कि यह सम्मेलन क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान एवं विद्यालयों के बीच शैक्षिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सम्मेलन शिक्षक प्रशिक्षण, नीति-निर्माण एवं शैक्षिक नवाचार को नई दिशा देने में उपयोगी सिद्ध होगा।

सम्मेलन के संयोजक डॉ. संजय कुमार पण्डागले ने आयोजन की सफलता के लिए संस्थान के प्राचार्य, संकाय सदस्यों एवं सहयोगी स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रो.अश्वनी कुमार गर्ग डॉ. मुजम्मिल हसन, डॉ. प्रद्युम्न सिंह लखावत, डाॅ.पवन कुमार, डॉ. वेंकट सूर्यवंशी, डॉ. राजेश कुमार सहित संस्थान के संकाय सदस्य, इंटर्न विद्यार्थी एवं अन्य शिक्षाविद् उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button