
पूर्व सांसद और निलंबित जेडीएस नेता प्रज्वल रेवन्ना को शुक्रवार को बंगलूरू की एक विशेष अदालत ने दोषी ठहराया। उन्हें चार यौन शोषण और दुष्कर्म के मामलों में से एक में दोषी ठहराया गया है। बताया गया कि जब उन्हें दोषी ठहराया गया तब वे कोर्ट में ही फूट-फूट कर रोए। मामले में विशेष अदालत के न्यायाधीश संतोष गजानन भट शनिवार को सजा की घोषणा करेंगे। मामला 48 साल की एक महिला से जुड़ा हुआ है, जो हासन जिले के होलेनरसीपुरा स्थित परिवार के गन्निकाडा फार्महाउस में सहायिका के रूप में काम करती थी। 2021 में उसके साथ कथित तौर पर दो बार दुष्कर्म किया गया। आरोपी ने इस कृत्य को अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड भी किया।
रेवन्ना जेडीएस के संरक्षक एचडी देवेगौड़ा के पोते
दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ चार अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। उनके खिलाफ मामलों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। प्रज्वल रेवन्ना पूर्व प्रधानमंत्री और जेडीएस के संरक्षक एचडी देवेगौड़ा के पोते हैं।