भारत जीत से चार विकेट और इंग्लैंड 35 रन दूर

भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला लंदन के द ओवल मैदान पर खेला जा रहा है। रविवार का खेल बारिश के कारण समय से पहले समाप्त हो गया। इंग्लैंड ने दिन का खेल समाप्त होने तक छह विकेट पर 339 रन बना लिए हैं। उन्हें जीत के लिए पांचवें और अंतिम दिन 35 रन बनाने होंगे। स्टंप्स के समय जेमी स्मिथ 17 गेंदों में दो रन और जेमी ओवरटन बिना खाता खोले क्रीज पर मौजूद हैं। वहीं, भारत के लिए इंग्लैंड की दूसरी पारी में प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन और मोहम्मद सिराज ने दो विकेट झटके। इसके अलावा आकाश दीप को एक सफलता मिली है।
भारत ने इंग्लैंड के सामने रखा 374 रनों का लक्ष्य
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। मेहमानों ने पहली पारी में करुण नायर के अर्धशतक की मदद से 224 रन बनाए। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में जैक क्राउली (64) और हैरी ब्रूक (53) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 247 रन बनाए और 23 रन की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में भारत ने यशस्वी जायसवाल के शतकीय और आकाश दीप (64), रवींद्र जडेजा (53) व वाशिंगटन सुंदर (53) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 396 रन बनाए। इस तरह भारत ने इंग्लैंड पर 373 रन की बढ़त हासिल की और उन्हें 374 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में इंग्लैंड ने हैरी ब्रूक (111) और जो रूट की शतकीय पारियों की मदद से 339 रन बना लिए हैं।
डकेट का पचासा
चौथे दिन का खेल एक विकेट पर 50 रन से शुरू हुआ। उस वक्त बेन डकेट 34 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। उनका साथ देने के लिए कप्तान ओली पोप आए थे। इससे पहले शनिवार (तीसरे दिन) को तीसरे सत्र में मोहम्मद सिराज ने करारा झटका दिया। उन्होंने आखिरी गेंद पर जैक क्राउली को बोल्ड किया। वह 36 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुए। क्राउली और बेन डकेट के बीच पहले विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी हुई। चौथे दिन इंग्लैंड को जीत के लिए 324 रनों की जरूरत थी। 82 के स्कोर पर उन्हें दूसरा झटका लगा। प्रसिद्ध कृष्णा ने बेन डकेट को स्लिप में केएल राहुल के हाथों कैच कराया। वह 83 गेंद में छह चौके की मदद से 54 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सिराज ने इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया। उन्होंने कप्तान ओली पोप को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 34 गेंदों में पांच चौके की मदद से 27 रन बना पाए।