दुबई पर सबसे ज्यादा असर, एयरपोर्ट बंद, पाम जुमैरह और पांच सितारा होटल पर गिरीं मिसाइलें
पश्चिम एशिया में तनाव के बीच आखिरकार अमेरिका और इस्राइल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ईरान पर बड़ा हमला किया। ईरान के कई शहरों पर हवाई हमले हुए। जवाब में ईरान ने कई देशों के अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए। इसी बीच कई देशों की प्रतिक्रिया भी सामने आई। वहीं, भारत ने दोनों देशों से संयम बरतने की अपील की। तुर्किये ने भी तनाव कम करने के लिए मध्यस्थता की भूमिका निभाने की भी पेशकश की है
पाम जुमैरह इलाके में मिसाइल गिरने की रिपोर्ट
ईरान के पलटवार के बीच पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को दुबई के कई इलाकों में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई देने से हड़कंप मच गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक जुमैरह स्थित मशहूर पाम जुमैरह इलाके के फेयरमोंट होटल के पास मिसाइल गिरने की आशंका जताई गई है। घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। हालांकि अधिकारियों ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि यह सीधा मिसाइल हमला था या इंटरसेप्शन के मलबे से आग लगी।
परमाणु खतरे पर IAEA की नजर
इस बीच अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने कहा है कि वह क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। एजेंसी के अनुसार अब तक किसी भी तरह के रेडियोलॉजिकल या परमाणु प्रभाव के प्रमाण नहीं मिले हैं। IAEA ने सभी पक्षों से संयम बरतने और परमाणु सुरक्षा से जुड़े जोखिमों से बचने की अपील की है।
आपात बैठक में बोलेंगे महासचिव
पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाई गई है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस बैठक की शुरुआत में संबोधन देंगे, जो भारतीय समयानुसार देर रात आयोजित होगी।
इस्राइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत
पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई है। इस्राइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक तस्वीर जारी कर इसकी जानकारी दी, जिसमें नेतन्याहू फोन पर बातचीत करते नजर आए। आधिकारिक विवरण के अनुसार दोनों नेताओं ने मौजूदा सुरक्षा हालात और क्षेत्रीय घटनाक्रम पर चर्चा की। हालांकि बातचीत के विषयों को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
बता दें, ईरान ने भी संयुक्त राष्ट्र से की हस्तक्षेप की मांग की थी। महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को पत्र भेजकर अमेरिका और इस्राइल की सैन्य कार्रवाई पर तत्काल कदम उठाने की मांग की थी।
पश्चिम एशिया संकट पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने बुलाई आपात बैठक
पश्चिम एशिया में अमेरिका और इस्राइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद बढ़ते संघर्ष को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाई गई है। संयुक्त राष्ट्र के राजनयिकों के अनुसार 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद की बैठक न्यूयॉर्क में स्थानीय समयानुसार शनिवार शाम 4 बजे यानी भारतीय समयानुसार रविवार सुबह तीन बजे आयोजित होगी। इसकी अध्यक्षता ब्रिटेन करेगा। रूस के संयुक्त राष्ट्र मिशन ने बताया कि रूस और चीन ने इस बैठक की मांग अमेरिका और इस्राइल की सैन्य कार्रवाई को लेकर की है। फ्रांस, बहरीन और कोलंबिया ने भी बैठक बुलाने का समर्थन किया है। बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा और तनाव कम करने के उपायों पर चर्चा होने की संभावना है।
पश्चिम एशिया तनाव के बीच जर्मनी ने कई अरब देशों के लिए यात्रा चेतावनी जारी की
पश्चिम एशिया में बढ़ते सुरक्षा संकट को देखते हुए जर्मनी ने अपने नागरिकों के लिए यात्रा चेतावनी जारी की है। जर्मन विदेश मंत्रालय ने बहरीन, इराक, इस्राइल, जॉर्डन, कतर, कुवैत, ओमान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा को लेकर सतर्क रहने को कहा है। मंत्रालय ने क्षेत्र में जारी सैन्य तनाव और सुरक्षा जोखिमों को ध्यान में रखते हुए नागरिकों से गैर-जरूरी यात्रा टालने और स्थानीय सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


