ईरान युद्ध खत्म होने वाला है’, ट्रंप ने नए हमलों की धमकी के बीच दुनिया को दिया भरोसा, बोले- गिरने वाली हैं तेल की कीमतें


वॉशिंगटन: डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध खत्म करने की दिशा में अमेरिका तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हम उस युद्ध को बहुत जल्दी खत्म करने जा रहे हैं क्योंकि ईरानी बुरी तरह थक गए हैं और किसी भी कीमत पर अमेरिका से समझौता करना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हम तो हमले करने की तैयारी कर चुके थे लेकिन आखिरी वक्त में इसे टाल दिया गया। ट्रंप बार-बार यह कहते रहे हैं कि अगर बातचीत विफल रही तो वॉशिंगटन नए सिरे से हमले कर सकता है।
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने बयान में कहा, ‘मुझे लगता है कि हम इस लड़ाई को बहुत जल्दी खत्म कर लेंगे और तेहरान के पास कोई परमाणु हथियार नहीं होगा। हम इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे कि उनके पास न्यूक्लियर हो। उम्मीद है कि हम इसे बहुत अच्छे तरीके से पूरा करेंगे और जल्दी ही ये लड़ाई खत्म होगी।’
ईरान तबाह हो गया है: ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा कि अमेरिकी सेना दुनिया में सबसे महान है। हमने ईरानी नौसेना को खत्म कर दिया है और उनकी वायुसेना तबाह हो चुकी है। उनके एंटी-एयरक्राफ्ट खत्म हो चुके हैं। युद्ध के लिए वे जिन भी हथियारों का इस्तेमाल करते थे, वह सब खत्म हो चुके हैं। उनके नेता भी इस लड़ाई में मारे जा चुके हैं।
ट्रंप ने कहा कि इस संघर्ष को सालों पहले ही सुलझा लिया जाना चाहिए था। यह काम तो 47 साल पहले ही हो जाना चाहिए था। किसी ना किसी को तो इसके बारे में कुछ करना चाहिए था। अब यह होगा तो आप देखेंगे कि तेल की कीमतें धड़ाम से गिरेंगी। दुनिया में बहुत सारा तेल मौजूद है और कीमतें तेजी से कम होंगी।
ईरान पर हमले के करीब था: ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने वाइट हाउस में कहा कि उनकी आर्मी ईरान पर एक और हमला करने के बेहद करीब थी, जिसे आखिरी पलों में टाल दिया गया। ट्रंप ने कहा कि मैं हमला करने का फैसला लेने से बस एक घंटा दूर था। फिलहाल हमने युद्ध फिर से शुरू करने की अपनी योजना को रोक दिया है। उम्मीद है कि बातचीत से चीजें हल होंगी और फिर संघर्ष शुरू नहीं होगा।



