सेवा वीरों का होगा “गौरव गान” : एम सी सी लायन मनीष शाह की अगुवाई में सेवा और संकल्प के साथ होगी नए अध्याय की शुरुआत


लायंस क्लब इंटरनेशनल के बहुप्रांत 3233 का दो दिवसीय 9वां बहुप्रांतीय अधिवेशन ‘उर्वश 2026’ आगामी 23 एवं 24 मई को इंदौर में गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित होने जा रहा है। मल्टीपल तथा डिस्ट्रिक्ट सह मल्टीमीडिया प्रभारी लायन अरुण कुमार सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस भव्य अधिवेशन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिसमें विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में लायंस पदाधिकारी एवं सदस्य भाग लेकर सेवा, नेतृत्व और संगठनात्मक गतिविधियों में सहभागिता करेंगे। यह आयोजन सेवा, नेतृत्व और संगठन की भावी योजनाओं को नई दिशा देने के संकल्प के साथ इंदौर की धरा पर एक नया इतिहास रचेगा।
संगीत कला अकादमी में सजेगा मंच, एम सी सी पीएमजेएफ लायन मनीष शाह करेंगे अध्यक्षता
यह दो दिवसीय अधिवेशन विजयनगर स्थित संगीत कला अकादमी सभागार में आयोजित होगा। अपनी मधुर मुस्कान एवं सादगी के लिए विशेष रूप से पहचाने जाने वाले मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन लायन मनीष शाह की अध्यक्षता में यह गरिमामयी कार्यक्रम संपन्न होगा।
यह रहेगा दो दिवसीय अधिवेशन का पूरा कार्यक्रम (मिनट-टू-मिनट):
लायन अरुण कुमार सोनी ने अधिवेशन के विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि:
23 मई 2026 (प्रथम दिवस): दोपहर 12:00 बजे से क्रेडेंशियल वितरण एवं रजिस्ट्रेशन शुरू होगा। दोपहर 03:00 बजे भव्य उद्घाटन समारोह (Inauguration) संपन्न होगा। इसके बाद शाम 05:00 बजे से मतदान की शुरुआत (Voting) होगी तथा शाम 06:00 बजे से आकर्षक बैनर प्रस्तुति, सांस्कृतिक व मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
24 मई 2026 (द्वितीय दिवस): सुबह 09:00 से 11:00 बजे तक साक्षात्कार (Interview) सत्र चलेगा। इसके पश्चात सुबह 11:00 बजे से मुख्य पुरस्कार वितरण समारोह (Award Distribution) आयोजित होगा और दोपहर 03:00 बजे इस भव्य कन्वेंशन का समापन किया जाएगा।
उत्कृष्ट सेवा कार्यों और ‘मिशन 1.5’ के लिए मिलेगा सम्मान
लायंस क्लब इंदौर के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन के दौरान व्यक्तिगत, क्लब एवं डिस्ट्रिक्ट स्तर पर उत्कृष्ट सेवा व उल्लेखनीय कार्य करने वाले सदस्यों और इकाइयों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
मल्टीपल काउंसिल सेक्रेटरी लायन योगेंद्र रूनवाल ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘मिशन 1.5’ के अंतर्गत सदस्यता वृद्धि अभियान में अपना विशेष व सराहनीय योगदान देने वाले क्लबों के अध्यक्षों एवं सचिवों को भी मंच से गौरवमयी सम्मान प्रदान किया जाएगा।
रंग-बिरंगी बैनर प्रस्तुतीकरण होगा मुख्य आकर्षण
अधिवेशन का एक और विशेष आकर्षण विभिन्न डिस्ट्रिक्ट्स द्वारा किया जाने वाला बैनर प्रस्तुतीकरण रहेगा। इसमें सभी सदस्य अपनी-अपनी निर्धारित कलर थीम के साथ पूरे उत्साह से भाग लेंगे। इस दौरान सर्वश्रेष्ठ व उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत कर उनका मनोबल बढ़ाया जाएगा।



