खेल

चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ की रेस से बाहर, गुजरात टाइटंस ने एकतरफा मुकाबले में दी मात

अहमदाबाद: चेन्नई सुपर किंग्स की टीम आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाएगी। सीजन के अपने आखिरी मैच में सीएसके को गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार मिली। 14 मैचों के बाद सीएसके के 12 पॉइंट ही हैं। टीम 7वें स्थान से ऊपर नहीं बढ़ पाएगी। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 89 रनों से जीत मिली। यह रनों से आईपीएल में सीएसके की सबसे बड़ी हार है। पहले बैटिंग करते हुए गुजरात ने 4 विकेट पर 229 रन बनाए। सीएसके की पारी 14 ओवर में 140 रनों पर सिमट गई। 14 मैच के बाद गुजरात टाइटंस के 18 पॉइंट हो गए हैं। टीम अभी टेबल में दूसरे नंबर पर है।

गिल और सुदर्शन के बीच शतकीय साझेदारी

टॉस हारने के बाद पहले खेलने उतरी जीटी के लिए कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने एक बार फिर शानदार शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 125 रन की साझेदारी की। शुभमन गिल 37 गेंदों पर 3 छक्के और 7 चौकों की मदद से 64 रन बनाकर आउट हुए। साई सुदर्शन और जोस बटलर ने दूसरे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की। साई सुदर्शन ने 53 गेंदों पर 4 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 84 रन की पारी खेली। वह दूसरे विकेट के रूप में आउट हुए। सुदर्शन के 14 मैचों में 638 रन हो गए हैं और उनके पास फिर से ऑरेंज कैप चली गई है।

जोस बटलर ने 27 गेंद पर 57 रन ठोके

जोस बटलर ने भी शानदार अर्धशतक लगाया। वह 27 गेंदों पर 4 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 57 रन बनाकर नाबाद रहे। राहुल तेवतिया बिना खाता खोले रन आउट हुए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर 3 गेंदों पर 7 रन बनाकर आउट हुए। अंशुल कंबोज एक बार फिर महंगे रहे। कंबोज ने 4 ओवर में 56 रन लुटाए और सिर्फ 1 विकेट ले सके। स्पेंसर जॉनसन ने 4 ओवर में 47 रन देकर 1 विकेट लिए। गुरजपनीत ने अच्छी गेंदबाजी की और 4 ओवर में सिर्फ 31 रन दिए, लेकिन उन्हें विकेट नहीं मिल सका।

सीएसके ने पावरप्ले में ही चार विकेट खोए

लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएसके को पहली ही गेंद पर संजू सैमसन (0) के रूप में बड़ा झटका लग गया। इसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने मैथ्यू शॉर्ट के साथ दूसरे विकेट के लिए 13 गेंदों में 29 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन कप्तान के आउट होने के बाद टीम बिखर गई। इसी ओवर में उर्विल पटेल भी खाता खोले बिना आउट हो गए। तीनों ही विकेट मोहम्मद सिराज ने किए। शॉर्ट को पावरप्ले के आखिरी ओवर में कागिसो रबाडा ने आउट कर दिया। उन्होंने 14 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 24 रन की पारी खेली। इनके अलावा, कार्तिक शर्मा ने 19 रन बनाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button