देश

जमानत लेकर रचाई जज से शादी और फिर गई जेल, क्या अब बच पाएगी आरएएस पिंकी मीणा की नौकरी?

जयपुर: राजस्थान की महिला आरएएस पिंकी मीणा एक बार फिर चर्चाओं में आ गई हैं। 10 लाख रुपए की रिश्वत लेते पकड़ी गई पिंकी मीणा साढ़े पांच साल तक सस्पेंड रही। अब राजस्थान हाईकोर्ट ने उन्हें राहत प्रदान की है। हाईकोर्ट ने पिंकी मीणा के निलंबन पर स्टे लगा दिया है। ऐसे में वे एक बार फिर नौकरी में आ गई हैं। हालांकि वे बहाल हो गई हैं लेकिन भ्रष्टाचार के मामले का केस चलेगा। अगर वे दोषी पाई जाती हैं तो नौकरी मुश्किल में पड़ सकती है।

10 दिन की जमानत लेकर जज से रचाई शादी

वर्ष 2017 बैच की आरएएस अफसर पिंकी मीणा वर्ष 2021 में दौसा जिले की बांदीकुई में एसडीएम के पद पर कार्यरत थी। आरोप है कि वहां रहते हुए वह 10 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए एसीबी में ट्रेप हुई। जनवरी 2021 में गिरफ्तार होकर जेल गई। बाद में शादी के लिए उन्होंने कोर्ट से अंतरिम जमानत की अर्जी लगाई। कोर्ट ने शादी के लिए 10 दिन की अंतरिम जमानत दी थी। 16 फरवरी 2021 को पिंकी मीणा ने आरजेएस नरेंद्र सिंह के साथ शादी की। शादी के बाद उन्हें फिर से जेल जाना पड़ा।

पहली पोस्टिंग में ही ट्रेप हुई थी पिंकी मीणा

आरएएस पिंकी मीणा की ट्रेनिंग पूरी होने के बाद पहली पोस्टिंग बांदीकुई एसडीएम के तौर पर हुई थी। आरोप है कि पहली ही पोस्टिंग के दौरान वे रिश्वत लेते हुए एसीबी टीम के हत्थे चढ़ गई। पिंकी के ट्रेप होते ही राजस्थान की ब्यूरोक्रेसी हतप्रभ रह गई। पिंकी मीणा के साथ दौसा एसडीएम पुष्कर मित्तल भी 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार हुए थे। चूंकि पुष्कर मित्तल पूर्व में बहाल हो चुके। ऐसे में पिंकी मीणा के वकील की ओर से यही दलील दी गई कि जब पुष्कर मित्तल बहाल हो गए तो पिंकी मीणा क्यों नहीं। दोनों का एक ही केस है। इस दलील पर हाईकोर्ट ने पिंकी मीणा का निलंबन भी रद्द कर दिया।

यहां समझें क्या है पूरा मामला

  • राजस्थान हाईकोर्ट के जस्टिस सुदेश बंसल की अदालत ने रिश्वत मामले में निलंबित आरएएस अधिकारी पिंकी मीणा के सस्पेंशन ऑर्डर पर रोक लगा दी है।
  • कोर्ट ने स्पष्ट किया कि इसी मामले के दूसरे सह-आरोपी आरएएस अधिकारी पुष्कर मित्तल के निलंबन पर हाईकोर्ट पहले ही रोक लगा चुका है, और पिंकी मीणा का मामला उनसे अलग नहीं है।
  • अदालत ने माना कि याचिकाकर्ता 15 जनवरी 2021 से (लगातार 5 साल) निलंबित हैं और उन्हें विभागीय चार्जशीट देने में इतना लंबा वक्त लगाया गया।
  • कोर्ट ने नोट किया कि निलंबन समीक्षा समिति भी पिंकी मीणा का सस्पेंशन लगातार जारी रखने का कोई ठोस कारण नहीं बता सकी।
  • दोनों सह-आरोपियों के बीच कानूनी समानता बनाए रखने के उद्देश्य से हाईकोर्ट ने पिंकी मीणा को अंतरिम राहत प्रदान की है।
  • दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे निर्माण कंपनी से ली थी रिश्वत

    पांच साल पहले दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे का निर्माण कार्य करने वाली कंपनी की ओर से शिकायत की गई थी। दोनों एसडीएम अधिकारियों पर आरोप था कि वे रिश्वत की मांग कर रहे हैं। रिश्वत नहीं देने पर निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद एसीबी एक्टिव हुई। 13 जनवरी 2021 को एसीबी ने एसडीएम पिंकी मीणा और पुष्कर मित्तल को गिरफ्तार किया। इस रिश्वत कांड में तत्कालीन दौसा एसपी मनीष अग्रवाल को भी गिरफ्तार किया गया था। इन अधिकारियों के खिलाफ अब भ्रष्टाचार का केस चलता रहेगा। बरी होने के लिए लंबी और कठोर लड़ाई लड़नी होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button