देश

फिल्‍मी अंदाज में दूल्हे को गोलियों से भूनने वाला बदमाश एनकाउंटर में ढेर

जौनपुर में दुल्हे आजाद बिंद पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाने वाले आरोपी रवि यादव को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया

जौनपुर: उत्‍तर प्रदेश के जौनपुर में दुल्‍हे पर फिल्‍मी अंदाज में ताबड़तोड़ गोलियों चलाने वाले बदमाश रवि यादव को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है. पुलिस ने रवि यादव पर एक लाख रुपये का इनाम रखा था. इस एनकाउंटर में जौनपुर के एसएचओ केके सिंह भी बदमाशों की गोलियों से जख्‍मी हो गए. थानाध्‍यक्ष का इलाज जिला हॉस्पिटल में किया जा रहा है. हाईवे पर हुए इस हत्‍याकांड के बाद जौनपुर में दहशत फैल गई थी. इस मामले में 2 आरोपी अब भी फरार चल रही हैं.

धमकी मिली थी, शादी मत करना

1 मई की शाम जौनपुर में एक बारात का माहौल मातम में बदल गया. जब दुल्‍हे पर तीन लोगों प्रदीप बिंद, रवि यादव और भोले राजभर ने बीच रास्‍ते में ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. दूल्हे आजाद बिंद को पहले ही धमकी मिली थी कि अगर उसने ये शादी की, तो अच्‍छा नहीं होगा. लेकिन दूल्हे आजाद बिंद और उसके परिवार ने इस धमकी को तवज्‍जो नहीं दी. बारात ढोल-नगाड़े के साथ सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़अउर गांव से खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव के लिए तय समय पर निकली थी.  बीबीपुर गांव से कुछ ही पहले  प्रदीप बिंद, रवि यादव और भोले राजभर घात लगाकर बैठे थे.

फिल्‍मी अंदाज में कार पर की फायरिंग

प्रत्‍यक्षदर्शियों ने बताया कि तीन लोग मोटरसाइकिल पर आए और ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. कुछ ही सेकंड में वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए. दूल्हे आजाद बिंद को 2 गोलियां लगीं, जिसके बाद उन्‍हें अस्‍पताल ले जाया गया. हालांकि, दूल्हे आजाद बिंद को बचाया नहीं जा सका. बारातियों को समझ ही नहीं आया कि आखिर, क्‍यों दुल्‍हे पर गोलियां बरसाई गईं. अब  जिस घर से कुछ देर पहले ढोल-नगाड़े बच रहे थे, वहां अचानक मातम पसर गया. लड़की पक्ष तक जब दूल्हे आजाद बिंद की हत्‍या की खबर पहुंची, तो वहां भी सन्‍नाटा पसर गया.

2 हमलावर अब भी फरार 

इस हत्‍याकांड के बाद पुलिस ने प्रदीप बिंद, रवि यादव और भोले राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था, जिसमें रवि यादव को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है. प्रदीप बिंद और भोले राजभर की गिरफ्तारी के लिए जौनपुर पुलिस लगातार दबिश दे रही है. रवि यादव की तरह पुलिस ने इन पर भी एक-एक लाख रुपये का इनाम रखा है. पुलिस का कहना है कि जल्‍द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. बताया जा रहा है कि प्रदीप बिंद नहीं चाहते थे कि ये शादी हो. प्रदीप बिंद, दुल्‍हन का रिश्‍तेदार है, जिसकी उनके परिवार से पुरानी रंजिश है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button