बच्चों ने बांधी पेड़ों, चालक-परिचालक और सुरक्षा प्रहरियों को राखी
शारदा विद्या मंदिर स्कूल में बच्चों ने पेड़ों को राखी बांधकर दिया हरियाली बचाने का संदेश

भोपाल। रक्षाबंधन के अवसर पर शारदा विद्या मंदिर स्कूल में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश दिया। बच्चों ने विद्यालय परिसर में पेड़ों को राखी बांधकर उनकी रक्षा और हरियाली बचाने का संकल्प लिया।
बरखेडीकलां स्थित शारदा विद्या मंदिर स्कूल में बच्चों ने रक्षाबंधन कुछ अलग अंदाज़ में मनाया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विद्यालय की बसों के चालक एवं परिचालक तथा सुरक्षा गार्डों को भी राखी बांधी। बच्चों ने उनके प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार की सुरक्षित यात्रा और सुरक्षा में इनका महत्वपूर्ण योगदान है।
विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। पेड़ों को राखी बांधकर बच्चों ने समाज को “पेड़ बचाएं, पर्यावरण बचाएं और हरियाली बढ़ाएं” का संदेश दिया।
कार्यक्रम ने रक्षाबंधन के पर्व को भाई-बहन के प्रेम के साथ-साथ प्रकृति और समाज की रक्षा से जोड़ते हुए विद्यार्थियों में पर्यावरण एवं सामाजिक दायित्व के भाव को सशक्त किया।
इससे पूर्व भी बच्चों द्वारा पर्यावरण जागरूकता के लिए कई प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। बच्चों द्वारा पॉलीथिन का उपयोग न करने के लिए हाथ से बने पेपर बैग भी बांटे गए। पक्षियों को दाना-पानी देने के लिए सकोरे वितरित किए गए और विद्यालय परिसर में नदियों को स्वच्छ बनाए रखने और प्रदूषण न फैलाने का संदेश देते हुए नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई।





