आरएनटीयू में आयोजित हुआ “खेलो इंडिया संवाद” कार्यक्रम, युवाओं ने खेल, नवाचार और नशामुक्त विकसित भारत का लिया संकल्प

रायसेन। युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत, रायसेन द्वारा रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (RNTU), रायसेन में “खेलो इंडिया संवाद” कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में युवाओं की खेलों में भागीदारी, नवाचार, नेतृत्व क्षमता तथा नशामुक्त विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विशेष चर्चा की गई। कार्यक्रम में आरएनटीयू की प्रो चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, मुख्य अतिथि विधायक सुरेंद्र पटवा, कुलगुरु डॉ. रवि प्रकाश दुबे, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, मायभारत की डिप्टी डायरेक्टर मोनिका चौधरी, रजिस्ट्रार डॉ. संगीता जौहरी, डीएसी सदस्य जीतू ठाकुर, सहित अन्य गणमान्यजन शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का वर्चुअल संबोधन हुआ। प्रधानमंत्री जी ने युवाओं को खेलों से जुड़ने, अपनी प्रतिभा को निखारने, नवाचार एवं रचनात्मक विचारों को आगे बढ़ाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
प्रो. चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने कहा कि आरएनटीयू शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। विश्वविद्यालय के विद्यार्थी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “खेलो इंडिया संवाद” जैसे कार्यक्रम युवाओं को खेल, नवाचार और सकारात्मक सोच से जोड़ने के साथ उन्हें विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।
वहीं, रजिस्ट्रार डॉ. संगीता जौहरी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “खेलो इंडिया संवाद” जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा और विचारों को आगे बढ़ाने का मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, खिलाड़ियों, युवाओं एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आरएनटीयू भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करता रहेगा।
कार्यक्रम में विभिन्न खेल विधाओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली श्रुति यादव, खुशी दाभाड़े एवं रितिका डहरिया सहित युवा प्रतिभाओं एवं खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। खिलाड़ियों ने अपने अनुभव युवाओं के साथ साझा किए और खेलों के माध्यम से व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, निरंतर मेहनत एवं लक्ष्य प्राप्ति के महत्व पर संवाद किया। युवा इन्फ्लुएंसर नीरज मीना ने भी युवा संवाद में सहभागिता करते हुए युवाओं को सकारात्मक सोच और समाजहित में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग क्विज 2027 में युवाओं की भागीदारी को लेकर जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक युवाओं से My Bharat Portal पर पंजीयन कर क्विज में सहभागिता करने की अपील की गई। युवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी प्रतिभा, विचारों और नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान “नशामुक्त युवा, विकसित भारत” के संकल्प को भी प्रमुखता दी गई। उपस्थित युवाओं ने नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ/प्लेज ली। युवाओं से स्वयं नशामुक्त रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों एवं समाज में भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना मप्र
के राज्य संपर्क अधिकारी मनोज अग्निहोत्री, राष्ट्रीय सेवा योजना, बरकतुल्ला विश्वविद्यालय के राहुल सिंह परिहार सहित बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के विद्यार्थी एवं युवा उपस्थित रहे। खेल, नवाचार, युवा नेतृत्व, नशामुक्ति एवं विकसित भारत के संदेश के साथ आयोजित यह संवाद युवाओं के लिए प्रेरणादायी एवं सहभागितापूर्ण रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेलों एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ते हुए उन्हें विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना रहा।

