रक्षा बंधन पर बहनों को पौधे भेंट कर दिलाया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

भोपाल। रक्षा बंधन के अवसर पर सेवा संकल्प युवा संगठन ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अनूठी पहल की। संगठन द्वारा बहनों को उपहार के साथ सीताफल, मीठा नीम, अशोक, जूही सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे भेंट किए गए। इस दौरान बहनों ने पौधों की देखभाल और उनकी रक्षा का संकल्प लिया।
संस्था अध्यक्ष प्रकाश मालवीय ने बताया कि संगठन द्वारा सामाजिक सरोकारों के तहत लगातार जनहित के कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रक्षा बंधन पर 44 बहनों को पौधे भेंट किए गए। उन्होंने कहा कि भाई-बहन के प्रेम के प्रतीक के रूप में दिया गया पौधा बड़ा होकर पेड़ बनेगा और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देगा।
मालवीय ने बताया कि बहनों ने अगले वर्ष से इन पौधों को भी रक्षा सूत्र बांधने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अर्चना शर्मा, बबली मालवीय, रेखा बाथवी, राखी सोलंकी, पूजा मालवीय, प्रीति, सुनीता, आरती, नैना ,दीपा मालवीय, आशा मालवीय सहित अन्य बहनें मौजूद रहीं।




