

इजरायल और अमेरिका के साथ चल रही ईरान की जंग के बीच सोने-चांदी के भाव आज 31 मार्च, मंगलवार की शाम अचानक चढ़ गए. मंगलवार को महावीर जयंती के चलते कमोडिटी मार्केट दिनभर बंद रहा, लेकिन शाम को खुलते ही MCX पर चांदी करीब 8,000 रुपये तक महंगी हो गई. वहीं सोने के भाव में भी करीब 2,000 रुपये का उछाल देखा गया. MCX पर शाम 7:25 बजे तक चांदी 7,956 रुपये चढ़कर 2,36,917 रुपये/किलो के भाव पर ट्रेड करता दिखा. वहीं सोना करीब 1986 रुपये के उछाल के साथ 1,49,650 रुपये के भाव पर ट्रेड करता दिखा. दोनों ही धातुओं में करीब 10,000 रुपये का उछाल दिखा.
दिनभर बंद रहे थे बाजार, शाम में खुला MCX
इससे पहले आज 31 मार्च 2026 को MCX पहले सेशन में बंद रहा. बता दें कि सोमवार को घरेलू कमोडिटी मार्केट में सुबह के शुरुआती घंटों में सोना सस्ता हो गया थ, जबकि शाम में दोनों कीमती धातुओं में तेजी देखने को मिली. घरेलू बाजार की बात करें तो मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (MCX) पर सोमवार को सोने का जून वायदा 0.15 प्रतिशत गिरकर 1,47,450 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जबकि चांदी का मई वायदा मामूली बढ़त के साथ 2,29,033 रुपए प्रति किलो पर बंद हुआ था. सोने चांदी के भाव में पिछले कुछ दिनों से लगातार उथल-पुथल जारी है.



