भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा की जिला कार्यकारिणी बैठक संपन्न: 50 हजार विद्यार्थियों को परीक्षा से जोड़ने और 250 पौधे लगाने का लक्ष्य

विदिशा/ शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा संचालित ‘भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा’ की एक महत्वपूर्ण बैठक गायत्री शक्तिपीठ राजीव नगर विदिशा में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, पर्यावरण संरक्षण और आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए कई बड़े एवं दूरगामी निर्णय लिए गए।
संगठन को मजबूती देने के उद्देश्य से इस बैठक में सर्वसम्मति से तीन नए प्रबुद्ध सदस्यों को जिला कार्यकारिणी में सम्मिलित किया गया। इनमें पूर्व लायंस अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अखिल भारतीय स्वर्णकार महासभा लायन अरुण कुमार सोनी, श्रीमती शोभा पवार और लश्करपुर के रिटायर्ड प्रिंसिपल श्री जे.पी. माहौर शामिल हैं।
बैठक के दौरान आगामी वर्ष की कार्ययोजना तैयार करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई।परीक्षा संयोजक श्रीमती रश्मि पोरवाल के सुझाव पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए इस वर्ष 250 पौधे लगाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
जिला पदाधिकारी भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा लायन अरुण कुमार सोनी के प्रस्ताव पर बच्चों में नैतिक मूल्यों के विकास के लिए स्कूलों में बाल संस्कारशाला चलाने का निर्णय सर्वसम्मति से पारित हुआ। बैठक में तय किया गया कि वर्ष 2025 में संपन्न हुई परीक्षा के विजेताओं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सीधे उनके स्कूलों में जाकर पुरस्कृत किया जाएगा, जिससे अन्य छात्र भी प्रेरित हो सकें।
इस वर्ष परीक्षा में 50,000 छात्र-छात्राओं को शामिल करने पर गंभीर मंथन हुआ। समिति ने निर्णय लिया कि इसे एक ‘जन अभियान’ का रूप दिया जाएगा और जन सहयोग के माध्यम से इस बड़े लक्ष्य को प्राप्त किया जाएगा।
वरिष्ठ पदाधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण बैठक में परीक्षा के सफल संचालन और भावी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए कई अन्य बिंदुओं पर भी गहन चर्चा हुई।
बैठक में मुख्य रूप से संयोजक श्रीमती रश्मि पोरवाल, प्रज्ञा मंडल के प्रमुख ट्रस्टी श्री मुकेश श्रीवास्तव, जिला पदाधिकारी लायन अरुण कुमार सोनी, श्री थान सिंह कुशवाह, श्रीमती हेमा सहगल, श्रीमती सुषमा गोयल, श्रीमती सुधा पवार और श्री दयाचंद लाडिया सहित गायत्री परिवार के कई निष्ठावान कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।



