महिला श्रद्धालु ने राम मंदिर के कर्मचारियों के लिए दान किए चार करोड़, कहा- वेतन और सुविधाएं बढ़ाएं

रामलला के प्रति आस्था का एक अनोखा उदाहरण सोमवार को रामजन्मभूमि परिसर में देखने को मिला। चेन्नई से अयोध्या पहुंची महिला श्रद्धालु एसनाग लक्ष्मी ने राम मंदिर के लिए जहां महज 10 हजार रुपये का दान दिया, वहीं मंदिर में कार्यरत कर्मियों के लिए चार करोड़ रुपये का चेक समर्पित किया।इतनी बड़ी राशि मंदिर के बजाय वहां काम करने वाले कर्मचारियों के नाम किए जाने की चर्चा परिसर में भी होती रही। महिला श्रद्धालु ने दान के साथ अपनी मंशा भी स्पष्ट की। उन्होंने लिखा कि चार करोड़ रुपये की राशि का उपयोग राम मंदिर में कार्यरत कर्मियों की सुविधाओं और उनके वेतन में वृद्धि के लिए किया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं से जुड़े कुछ सुझाव भी ट्रस्ट को दिए हैं। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना सामने आने के बाद चढ़ावे की राशि में कमी आने की चर्चा रही है। हालांकि सावन मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने के साथ चढ़ावे में भी बढ़ोतरी हुई है।
इसी बीच चार करोड़ रुपये का यह दान खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास बात यह है कि दानदाता ने मंदिर निर्माण या मंदिर के लिए बड़ी राशि देने के बजाय मंदिर की व्यवस्था संभालने वाले कर्मियों को प्राथमिकता दी। महिला श्रद्धालु की ओर से दिए गए सुझावों में मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर कुछ बिंदुओं का भी उल्लेख किया गया है। ट्रस्ट की ओर से इन सुझावों पर क्या निर्णय लिया जाता है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।




