बारिश में भी नहीं रुका कांवड़ियों का उत्साह, 500 से अधिक कांवड़ियों ने किया बाबा बटेश्वर का अभिषेक

भोपाल। सेवा का संकल्प जन कल्याण समिति के तत्वावधान में आयोजित नर्मदापुरम से भोपाल पैदल बाबा बटेश्वर कांवड़ यात्रा सावन के चौथे सोमवार को दोपहर करीब 1 बजे पुराने शहर में पहुंची। बारिश के बीच भी कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बना। यात्रा के भवानी चौक सोमवारा पहुंचने पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।
यात्रा पुराने शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई श्री बड़वाले महादेव मंदिर पहुंची। मां नर्मदा का पवित्र जल अर्पित कर बाबा बटेश्वर का अभिषेक किया। इस दौरान हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया।
संस्था के अध्यक्ष चेतन भार्गव एवं प्रकाश मालवीय ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ समाज में पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का संदेश देना भी है। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा कांवड़िए शामिल हुए।



